सरैया में कांग्रेस का विरोध मार्च, पेपर लीक और अव्यवस्था को लेकर NDA सरकार पर निशाना
मुजफ्फरपुर: जिले के सरैया प्रखंड में मंगलवार को कांग्रेस पश्चिम के बैनर तले एनडीए सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध मार्च निकाला गया। विरोध मार्च सरैया प्रखंड कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष नीरज कुमार के नेतृत्व में पेपर-लीक एवं चंदा-चोरी के खिलाफ निकाला गया। इसको लेकर एसडीपीओ कार्यालय से जैतपुर मोड़ तक विरोध मार्च निकाला गया एवं पुतला दहन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पश्चिम के जिला अध्यक्ष कृपा शंकर शाही ने कहा कि देश में पेपर लीक की घटनाएं अब आम हो चुकी हैं, जिससे छात्रों का भविष्य अंधकार में जा रहा है। उन्होंने कहा कि छात्र वर्षों तक कड़ी मेहनत करते हैं, लेकिन कुछ ही मिनटों में पेपर लीक होने से उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है। यह स्थिति बेहद चिंताजनक है और सरकार इस पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
उन्होंने अयोध्या का जिक्र करते हुए कहा कि जहां एक ओर लोग भगवान के दर्शन के लिए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर वहां वाहन चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। यह कानून-व्यवस्था की गंभीर विफलता को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में हर स्तर पर अव्यवस्था फैली हुई है, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर ध्यान देने के बजाय केवल दिखावटी राजनीति में व्यस्त है।
इन्हीं सभी मुद्दों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने मांग की कि पेपर लीक जैसे मामलों पर सख्त कार्रवाई हो और दोषियों को कड़ी सजा दी जाए।
कृपा शंकर शाही ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी देश की वर्तमान स्थिति से काफी नाराज हैं। उन्होंने कहा कि जब लोकतांत्रिक संस्थाएं कमजोर हो रही हों और जनता परेशान हो, तब विपक्ष का कर्तव्य बनता है कि वह सड़क पर उतरकर जनता की आवाज उठाए।
प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही इन मुद्दों पर ठोस कदम नहीं उठाए, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस मौके पर सुरेश शर्मा नीरज, आलोक शर्मा, वरिष्ठ नेता रामकिशोर सिंह, जय नंदन झा, प्रखंड अध्यक्ष नीरज कुमार, विष्णुकांत मिश्रा, सुनील गुप्ता, पूर्व प्रमुख उमर अंसारी, सुरेंद्र सिंह, पारू प्रखंड अध्यक्ष सिद्धार्थ कुमार शर्मा, सुनील सहनी, मोहम्मद इलियास समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।