स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी - कलेक्टर श्री यादव
==
पटेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अव्यवस्थाओं पर कलेक्टर श्री यादव सख्त,
==
अनुपस्थित कर्मचारियों के वेतन कटौती के निर्देश
==
निरीक्षण में पलंग में बेडशीट नही होने पर नाराजगी व्यक्त
==
दवाइयों की कमी मिली, सीएमएचओ को तत्काल व्यवस्थाएं सुढृण करने के निर्देश
==
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटेरा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में कई कमिया सामने आने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए तथा लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा निरीक्षण में कई कर्मचारी विलंब से ड्यूटी पर पहुंचे, जबकि कुछ कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इस पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध वेतन कटौती की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान बताया गया पिछले एक वर्ष से बेडशीट उपलब्ध नहीं कराई गई है। वार्डों में कई मरीज बिना बेडशीट के ही भर्ती मिले। इस स्थिति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए आवश्यक सामग्री की तत्काल मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। कलेक्टर ने स्वच्छता व्यवस्था में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने पंजीयन काउंटर का भी निरीक्षण किया, जहां ओपीडी पर्ची का निर्धारित ₹10 शुल्क प्रदर्शित नहीं था। उन्होंने निर्देश दिए कि शुल्क सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए।
दवाइयों की उपलब्धता की समीक्षा में पाया गया कि अस्पताल में शासन के मानकों के अनुसार लगभग 350 प्रकार की दवाइयां उपलब्ध होना आवश्यक है, जबकि वर्तमान में केवल करीब 250 प्रकार की दवाइयां ही उपलब्ध हैं। लगभग 100 प्रकार की आवश्यक दवाइयों के अभाव में मरीजों को बाहर से दवाइयां खरीदनी पड़ रही हैं।
कलेक्टर श्री यादव ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया कि शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक दवाइयों की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को उपचार के लिए बाहर से दवाइयां खरीदने की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने कहा स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी कमियों का शीघ्र निराकरण किया जाए।
Damoh, Madhya Pradesh | Jul 18, 2026