लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद मऊ जनपद में भी फायर विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिले के विभिन्न कोचिंग संस्थानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और भीड़भाड़ वाले भवनों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
फायर विभाग की टीमों ने मंगलवार को कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर अग्निशमन यंत्रों, आपातकालीन निकास द्वार, विद्युत वायरिंग तथा अन्य सुरक्षा मानकों की पड़ताल की। अधिकारियों ने भवन संचालकों को निर्देश दिया कि सभी सुरक्षा उपकरण क्रियाशील स्थिति में रखें और अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान जिन स्थानों पर सुरक्षा मानकों में कमी पाई गई, वहां संचालकों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। फायर विभाग के अधिकारियों ने कहा कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार यह अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा और जिले के अन्य संस्थानों व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की भी जांच की जाएगी, ताकि भविष्य में किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।