जनजातीय गौरव दिवस समारोह ’
’मुख्यमंत्री ने सुना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संबोधन, जनजातीय समुदाय के साथ किया संवाद’
’वंचितों को वरीयता के साथ हो रहा जनजातीय समाज का शैक्षणिक, सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण’
’तीन वर्षों में जनजातीय समुदाय के विकास के लिए लगभग 3 हजार 200 करोड़ रुपये का किया प्रावधान’
’- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा’
’- मुख्यमंत्री ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को 151वीं जयंती पर किया नमन’
’- लैक्रोस खिलाड़ियों ने लैक्रोस एकेडमी के लिए जताया मुख्यमंत्री का आभार’
’- लघु फिल्म ‘परम्परा से प्रगति की ओर विकास यात्रा‘ का किया गया प्रदर्शन’
’- जनजातीय क्षेत्र के आस्था केन्द्रों पर आधारित लघु फिल्म भी की गई प्रदर्शित’
@followers @top fans Bhajanlal Sharma News 24 Udaipur Mannalal Rawat Government of Rajasthan
#udaipur #viralpost #nonfollowers #RajasthanNews
जयपुर/उदयपुर, 15 नवम्बर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि जनजातीय समाज ने देश की संस्कृति, परम्परा और स्वाभिमान की रक्षा के लिए सदियों तक संघर्ष किया है। इस समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और महापुरुषों के बलिदान को सम्मान देना हम सभी का दायित्व है। राज्य सरकार वंचितों को वरीयता देते हुए जनजातीय समाज के शैक्षणिक, सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
’विभूतियों को पहचान और सम्मान’
मुख्यमंत्री ने रविवार को जनजातीय गौरव दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सम्बोधन को सुना। इसके बाद मुख्यमंत्री ने जनजातीय समुदाय के प्रतिनिधियों से संवाद भी किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा वर्ष 2021 से धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर शुरू किया गया जनजातीय गौरव दिवस आज राष्ट्रीय चेतना का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। वहीं, जनजातीय समाज के महानायकों के योगदान को राष्ट्रीय पहचान और सम्मान मिल रहा है। इसी क्रम में जनजातीय समुदाय से आने वाली द्रौपदी मुर्मू आज राष्ट्रपति के रूप में देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद आसीन हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास‘ संकल्प के तहत जनजातीय क्षेत्रों में विकास की गति बढ़ाने के साथ नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए व्यापक प्रयास किए गए हैं। वहीं, पीएम-जनमन के माध्यम से जनजातीय समूहों तक बिजली, पानी, आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। इसी प्रकार धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से विकास की पहुंच दूरस्थ और वंचित जनजातीय क्षेत्रों तक सुनिश्चित की जा रही है।
’जनजातीय समुदाय का हो रहा समग्र विकास’
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने तीन वर्षों में जनजातीय समुदाय के विकास के लिए लगभग 3 हजार 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसी क्रम में 10 आश्रम छात्रावास, 3 आवासीय विद्यालय, एक नया खेल छात्रावास और 250 नए मां-बाड़ी केन्द्र खोले गए हैं। पीएम-जनमन योजना के तहत बारां जिले के सहरिया क्षेत्र में 15 हजार 233 आवासों, 23 सम्पर्क सड़कों, 15 नए बहुद्देश्यीय केन्द्रों का निर्माण और 51 वन-धन केन्द्र गठित किए गए हैं। वहीं, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से प्रदेश के 6 हजार 235 गांवों के लगभग 55 लाख जनजातीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जनजातीय किसानों को सशक्त बनाने के लिए निशुल्क संकर मक्का बीज मिनी किट कार्यक्रम के तहत 25 लाख से अधिक मिनी किट बांटे गए हैं। वहीं, 3 लाख 50 हजार से अधिक निशुल्क हाइब्रिड सब्जी बीज मिनी किट उपलब्ध करवाए गए हैं। इसी प्रकार पीएम कुसुम योजना में 8 लाख से अधिक निशुल्क सोलर पम्प स्थापित किए गए हैं।
’संस्कृति, परम्परा और विरासत का संरक्षण’
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज की अमूल्य सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सौंध माटी आदि धरोहर प्रलेखन योजना शुरू की गई है। वहीं, जनजातीय महानायकों को उचित सम्मान देने के लिए डूंगरपुर में डूंगर बरंडा और बांसवाड़ा में बांसिया चारपोटा के स्मारकों का निर्माण करवाया जा रहा है। उदयपुर में वीर बालिका कालीबाई संग्रहालय का निर्माण भी किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की आस्था और परम्पराओं से जुड़े धार्मिक स्थलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके तहत बारां के सीताबाड़ी, उदयपुर के कमलनाथ महादेव, जावर माता मंदिर एवं रामकुंडा महादेव मंदिर, सलूम्बर के सोनार माता मंदिर तथा बांसवाड़ा के सलाकेश्वर महादेव मंदिर का विकास किया जा रहा है। इन प्रयासों से जनजातीय समाज की सांस्कृतिक पहचान और परम्पराओं को नई पहचान मिल रही है।
’खेलों में जनजातीय युवाओं ने बढ़ाया देश का मान’
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय युवाओं ने खेलों के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय देते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ाया है। लैक्रोस में प्रदेश के जनजातीय खिलाड़ियों ने वर्ष 2024 में समरकंद एशियन चैम्पियनशिप में रजत पदक प्राप्त किया। वहीं, इस वर्ष रियाद एशियन लैक्रोस गेम्स में पुरुष एवं महिला दोनों श्रेणियों में स्वर्ण पदक हासिल किए गए। इसी प्रकार मलेशिया में आयोजित दक्षिण-पूर्व एशियाई लैक्रोस चैम्पियनशिप-2026 में कांस्य पदक प्राप्त किया। ये उपलब्धियां जनजातीय युवाओं की प्रतिभा, परिश्रम और सामर्थ्य का परिचायक हैं।
’जनजातीय समुदाय ने जताया मुख्यमंत्री का आभार’
संवाद के दौरान जनजातीय अंचल से आए अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया। भारतीय महिला लैक्रोस टीम की कप्तान सुनीता मीना एवं राष्ट्रीय पुरुष टीम के उपकप्तान मोहनलाल गमेती ने कहा कि उदयपुर में लैक्रोस एकेडमी सहित प्रदेश में दी जा रही खेल सुविधाओं एवं संसाधनों से दूरस्थ क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के अवसर सुलभ हो रहे हैं। वहीं, कार्यक्रम में प्रगतिशील किसानों, महिलाओं एवं युवाओं ने जनकल्याणकारी योजनाओं को उनके जीवन में हो रहे सकारात्मक सुधारों का आधार बताया।
कार्यक्रम के दौरान ‘परम्परा से प्रगति की ओर विकास यात्रा‘ और जनजातीय क्षेत्रों के आस्था केन्द्रों पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन भी किया गया। इस अवसर पर जनजाति क्षेत्र विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, विधायक फूल सिंह मीणा, महेंद्रपाल मीणा, अतिरिक्त मुख्य सचिव कुंजी लाल मीणा सहित बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
-------------------------------------00---------------------------------------
(2) भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को किया याद
जनजातीय गौरव दिवस पर गूंजा जनजातीय संस्कृति और इतिहास का गौरव
जिला परिषद सभागार में हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम
प्रधानमंत्री के उद्बोधन का सीधा प्रसारण
उदयपुर, 15 नवम्बर। जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों के अतुलनीय योगदान को स्मरण करने के उद्देश्य से जनजातीय गौरव दिवस पर जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। जिला प्रशासन एवं जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के तत्वावधान में जिला परिषद सभागार में आयोजित समारोह में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को याद किया गया। कार्यक्रम के दौरान महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय कार्यक्रम तथा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण भी किया गया।
जिला स्तरीय समारोह का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। मुख्य वक्ता शिक्षाविद् बालूदान चारण रहे। उपनिदेशक पर्यटन शिखा सक्सेना, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र यादव, जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक दुर्गेश मेनारिया, हनुमान बंध विकास समिति के सचिव राजकरण यादव, लोक गायिका श्रेया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उपायुक्त टीएडी लतिका पालीवाल ने अतिथियों का स्वागत किया।
मुख्य वक्ता श्री चारण ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन वृत्त पर प्रकाश डालते हुए स्वतंत्रता संग्राम में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष, साहस और समाज के प्रति समर्पण सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके विचार और आदर्श जनजातीय समाज की पहचान एवं गौरव को नई दिशा देने वाले हैं। इस अवसर पर लोक गायिका श्रेया ने मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास पर केंद्रित लोकगीत की प्रस्तुति देकर समारोह में सांस्कृतिक रंग भर दिए। उनकी प्रस्तुति के माध्यम से मेवाड़ की समृद्ध लोक परंपरा और ऐतिहासिक विरासत की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में टीआरआई के सांख्यिकी अधिकारी बनवारीलाल, अनिल पालीवाल सहित कई अधिकारी, स्वयंसेवी संस्थाओं के पदाधिकारी, टीएडी स्टाफ तथा जनजाति बालक-बालिकाएं उपस्थित रहे। संचालन संतोष व्यास एवं किरण भट्ट ने किया।
इसी क्रम में जिले के सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर भी उपखंड अधिकारियों के निर्देशन में जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में भी राष्ट्रीय समारोह और प्रधानमंत्री के उद्बोधन का सीधा प्रसारण किया गया। समारोहों के माध्यम से जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश दिया गया।
Girwa, Udaipur | Nov 15, 2026