बीसी के नाम पर करोड़ों की रकम जमा कराने का आरोप, एफआईआर दर्ज
आरकेपुरम थाना क्षेत्र में बीसी के नाम पर लोगों से हर महीने रकम जमा करवाने और बीसी पूरी होने के बाद राशि वापस नहीं लौटाने का मामला सामने आया है। केशवपुरा निवासी जितेंद्र पालीवाल की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
शिकायत में दावा किया गया है कि करीब 500 से 1000 लोगों से 8 से 10 करोड़ रुपए तक की रकम जमा कराई गई हो सकती है। हालांकि प्रभावित लोगों की वास्तविक संख्या और रकम की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
शिकायत के मुताबिक, आरकेपुरम मुक्तिधाम के पीछे रहने वाले कृष्ण मुरारी माहेश्वरी अलग-अलग बीसी संचालित करते थे। इनमें लोगों से उनकी क्षमता के अनुसार हर महीने करीब 2 से 5 हजार रुपए जमा करवाए जाते थे।
आरोप है कि बीसी की अवधि पूरी होने के बावजूद कई लोगों को उनकी जमा राशि वापस नहीं मिली। रकम मांगने पर पहले टालमटोल और बाद में फोन उठाना बंद करने का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस से बैंक लेन-देन, रसीदों, डायरी और अन्य दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की है। अब पुलिस जांच में ही वास्तविक लेन-देन, प्रभावित लोगों की संख्या और रकम की स्थिति स्पष्ट होगी।
Ladpura, Kota | Sep 18, 2026