: थराली में फर्जी वोटर आईडी का मामला उजागर, पूर्व बीएलओ पर गंभीर आरोप
थराली, चमोली (उत्तराखंड)
विनोद पांडे
थराली। जनपद चमोली की तहसील थराली में मतदाता सूची से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि पूर्व बीएलओ (BLO) द्वारा एक बाहरी व्यक्ति का नाम कथित रूप से स्थानीय मूल निवासी के पुत्र के रूप में दर्ज कर उसकी वोटर आईडी बनवाई गई। मामला उस समय उजागर हुआ जब विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआर) के तहत मतदाता सूची का सत्यापन किया जा रहा था।
वर्तमान बीएलओ रोशन ने सत्यापन के दौरान दस्तावेजों में विसंगति मिलने पर मामले को चिन्हित किया। जानकारी के अनुसार संबंधित व्यक्ति क्षेत्र में सुनार की दुकान संचालित करता था और स्थानीय लोगों के लगभग 20 लाख रुपये से अधिक मूल्य के आभूषण लेकर करीब एक वर्ष पूर्व फरार हो गया था। बताया जा रहा है कि हाल ही में उक्त व्यक्ति ने फोन कर अपना नाम मतदाता सूची में बनाए रखने का अनुरोध भी किया।
प्रथम दृष्टया मामला फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का प्रतीत हो रहा है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो यह निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ा गंभीर विषय हो सकता है।
वर्तमान बीएलओ रोशन ने पूरे प्रकरण की जानकारी संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराने की बात कही है। अब यह देखना होगा कि जिला प्रशासन और निर्वाचन विभाग इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध क्या कार्रवाई करते हैं।
नोट: इस समाचार में लगाए गए आरोप प्रारंभिक जानकारी पर आधारित हैं। संबंधित पक्ष का आधिकारिक पक्ष और प्रशासनिक जांच की रिपोर्ट आना अभी शेष है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर ही अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी।