गनियारी मुक्तिधाम के पास अवैध रेत-मिट्टी उत्खनन पर कार्रवाई, बिना नंबर की जेसीबी जब्त
सिंगरौली। जिले में अवैध खनिज उत्खनन के विरुद्ध प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। कलेक्टर श्री गौरव बैनल के निर्देशानुसार खनिज अधिकारी सुश्री आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में सहायक खनिज अधिकारी श्री रामसुशील चौरसिया ने ग्राम गनियारी, तहसील सिंगरौली स्थित मुक्तिधाम के समीप अवैध रेत एवं मिट्टी उत्खनन के मामले में कार्रवाई करते हुए बिना नंबर की एक जेसीबी मशीन जब्त की।
कार्रवाई के दौरान जब्त जेसीबी को सुरक्षा की दृष्टि से सासन पुलिस चौकी में खड़ा कराया गया है। खनिज विभाग द्वारा मौके पर उत्खनित खनिज की मात्रा का आंकलन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित वाहन एवं अवैध उत्खनन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।