त्योहार को देखते हुए औरंगाबाद पुलिस सख्त, एमजी रोड में चला बाइक चेकिंग अभियान - बिना नंबर और लहरिया कट वालों पर कसा शिकंजा।
आगामी त्योहारों के मद्देनजर औरंगाबाद शहर में विधि-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी कड़ी में आज शहर के हृदय स्थली कहे जाने वाले एमजी रोड में विशेष बाइक चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस अभियान का नेतृत्व टाउन थाना प्रभारी बबन बैठा कर रहे थे। उनके साथ टाउन थाना की पुलिस टीम और यातायात पुलिस के जवान मौजूद थे। पुलिस ने सड़क पर आने-जाने वाले दोपहिया वाहनों को रोककर कागजात, हेलमेट, नंबर प्लेट और ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की।
*बिना नंबर और लहरिया कट बाइकर्स पर कार्रवाई*
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अभियान के दौरान कई ऐसी बाइक पकड़ी गईं जिन पर नंबर प्लेट नहीं थी या फैंसी/छुपा हुआ नंबर था। साथ ही कई युवा लहरिया कट (स्टंट करते हुए तेज रफ्तार में लहराकर) चलाते हुए पाए गए, जो खुद के साथ-साथ दूसरों की जान के लिए भी खतरा हैं।
ऐसे वाहन चालकों को सड़क पर ही रोककर मोटर वाहन अधिनियम के तहत जुर्माना वसूला गया और सख्त चेतावनी देकर छोड़ा गया। कुछ बाइक जिनके कागजात नहीं थे, उन्हें थाने लाया गया है।
टाउन थाना प्रभारी बबन बैठा ने बताया कि त्योहार के समय बाजार में भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में बिना नंबर की बाइक और लहरिया कट से अपराध और सड़क हादसों की संभावना बढ़ जाती है। इसलिए आम लोगों की सुरक्षा के लिए यह अभियान लगातार चलाया जाएगा।
उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि हेलमेट पहनकर चलें, बाइक पर वैध नंबर प्लेट लगाएं, कागजात साथ रखें और यातायात नियमों का पालन करें।
पुलिस की इस कार्रवाई से शहर के लोगों में संतोष देखा जा रहा है, वहीं नियम तोड़ने वाले बाइकर्स में हड़कंप मचा है।