खैरा प्रखंड के फतेहपुर गांव में जीविका द्वारा पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन,387 पशुओं का हुआ निःशुल्क जांच
ग्रामीण इलाके में पशुओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बिहार ग्रामीण जीविकोपार्जन प्रोत्साहन समिति (जीविका) द्वारा 28 अक्टूबर बुधवार को खैरा प्रखंड के बिशनपुर पंचायत अंतर्गत फतेहपुर गांव में एक दिवसीय पशु चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया।
शिविर में कुल 190 परिवारों के 387 पशुओं (गाय-बकरी) की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया। इस दौरान पशुओं का टीकाकरण एवं कृमिनाशक दवाएं भी दी गईं।
शिविर में प्रखंड परियोजना प्रबंधक खैरा निरुपम घोष, प्रबंधक पशुधन कुंदन किशोर, प्रबंधक संचार सुनीता कुमारी, प्रभारी प्रबंधक आईबीसीबी अमरेंद्र कुमार, जीविकोपार्जन विशेषज्ञ राहुल भारती, सामुदायिक समन्वयक धनंजय कुमार, सुनील कुमार सहित पशु सखी दीदियां उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर जीविका के पशुधन प्रबंधक कुंदन किशोर के द्वारा पशुओं के स्वास्थ्य की जांच की गई। उन्होंने शिविर में आई पशुपालक दीदियों को पशुओं को स्वस्थ रखने, संक्रामक बीमारियों से बचाव तथा नियमित देखभाल के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि समय पर टीकाकरण से पशुओं को संक्रामक रोगों से बचाया जा सकता है।
शिविर में लगभग 200 पशुपालक दीदियां अपने पशुओं के साथ उत्साहपूर्वक शामिल हुईं। ग्रामीण क्षेत्रों में पशुधन परिवारों की आजीविका का मुख्य आधार है, ऐसे में इस तरह के शिविरों से पशुपालकों को आर्थिक राहत मिलती है और उनकी आय में वृद्धि होती है।
जीविका की यह पहल पशुपालकों तक पशु स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Jamui, Jamui | Oct 29, 2026