हरिद्वार में पुलिस मुठभेड़: महिला से दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोपी गोली लगने से गिरफ्तार, दूसरा फरार
हरिद्वार में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में महिला से दुष्कर्म और हत्या के मामले का एक आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार दो संदिग्धों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल आरोपी की पहचान 26 वर्षीय जिशान, निवासी बिजनौर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने साथी के साथ महिला को बहला-फुसलाकर गंगा घाट ले जाने, कथित तौर पर दुष्कर्म करने और बाद में गला घोंटकर हत्या करने की बात स्वीकार की है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही है।