गंगा का जलस्तर बढ़ा, पुलिस ने घाटों पर लोगों को किया अलर्ट
ऋषिकेश। लगातार हो रही बारिश के चलते गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऋषिकेश पुलिस ने गंगा घाटों और तटीय क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है।
पुलिस द्वारा अनाउंसमेंट के माध्यम से घाटों पर मौजूद श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों से तत्काल सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है। साथ ही लोगों को गंगा के किनारे जाने, नदी में उतरने तथा जलस्तर बढ़ने की स्थिति में किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाने की चेतावनी दी जा रही है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस एवं संबंधित विभागों को सूचना दें। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार गंगा घाटों पर निगरानी बनाए हुए हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।