👉#सीएमओ ने जलीकोठी व कटियाटोला अर्बन पीएचसी का किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की जानी हकीकत
शाहजहांपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा ने रविवार को अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जलीकोठी और कटियाटोला में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, दवा वितरण, जांच, टीकाकरण और परिवार नियोजन सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया।जलीकोठी पीएचसी में निरीक्षण के समय ओपीडी में 48 मरीज देखे जा चुके थे। सीएमओ ने दो मरीजों को स्वयं देखा और आवश्यक उपचार एवं दवाएं उपलब्ध कराईं। स्टाफ नर्स द्वारा 41 मरीजों को एआरवी वैक्सीन की डोज लगाई गई। प्रयोगशाला में आठ मरीजों की जांच की गई, जिसमें मलेरिया, डेंगू, टाइफाइड और शुगर की जांच शामिल थी। किसी भी जांच में धनात्मक केस नहीं मिला। दवा वितरण कक्ष में 48 मरीजों को दवाएं दी जा चुकी थीं। वहीं छह बच्चों का नियमित टीकाकरण तथा पांच लाभार्थियों को एचपीवी वैक्सीन से लाभान्वित किया गया।परिवार नियोजन कक्ष में 10 लाभार्थियों को सामग्री वितरित की गई। सीएमओ ने अधिकारियों और कर्मचारियों को मरीजों के साथ मधुर व्यवहार रखने, दवाओं की एक्सपायरी जांचने, बायोमेडिकल वेस्ट का उचित निस्तारण करने और परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।इसके बाद सीएमओ ने कटियाटोला अर्बन पीएचसी में भी आरोग्य मेले का निरीक्षण किया। यहां ओपीडी में 23 मरीज देखे जा चुके थे। एक गर्भवती महिला का टीकाकरण तथा दो लाभार्थियों को परिवार नियोजन सामग्री उपलब्ध कराई गई। सीएमओ ने आरोग्य मेले में दी गई सेवाओं की पोर्टल पर समय से फीडिंग कराने और टीकाकरण की जानकारी यूविन पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए।
Shahjahanpur, Shahjahanpur | Aug 23, 2026