अगया उर्स मेले की तैयारियों को लेकर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि ने डीएम को सौंपा प्रार्थना पत्र
संतकबीरनगर। जिले के ग्राम अगया थाना दूधारा क्षेत्र में प्रस्तावित 14वें उर्स मेले को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर ब्लॉक प्रमुख सेमरियावा के प्रतिनिधि मुमताज अहमद ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में बताया गया कि भारत के प्रसिद्ध सूफी संत हजरत महबूब आलम रहमानी, खलीलुल्लाह बुस्तान हजरत अल्लामा मुफ्ती शाह मोहम्मद .निजामुद्दीन कादरी बरकाती मुहद्दिसे आजमी का 14वां उर्स आगामी 12 और 13 अक्टूबर 2026 को आयोजित होना है। उर्स में उत्तर प्रदेश के अलावा दिल्ली, गोवा, बिहार सहित विभिन्न प्रदेशों से बड़ी संख्या में जायरीन और श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
मुमताज अहमद ने जिलाधिकारी से मांग की है कि बिगराअव्वल से अगया गांव होते हुए दशवा मोड़ तक क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि बाहर से आने वाले जायरीन को आवागमन में परेशानी न हो। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर मोबाइल शौचालय की व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को भी समय रहते दुरुस्त कराया जाए।
उन्होंने कहा कि उर्स में दूसरे प्रदेशों से आने वाले मेहमानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर व्यवस्थाएं समय से पूरी कराई जानी चाहिए।
Khalilabad, Sant Kabir Nagar | Oct 7, 2026