जवाहर लाल नेहरू महाविद्यालय में शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा भृगु झील ट्रेकिंग शिविर का सफल आयोजन ।
Kullu Times
जवाहर लाल नेहरू राजकीय महाविद्यालय, हरिपुर (मनाली) के शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा 7 से 9 जुलाई 2026 तक समुद्र तल से लगभग 4,300 मीटर (लगभग 14,100 फीट) की ऊँचाई पर स्थित भृगु झील के लिए तीन दिवसीय ट्रेकिंग शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में महाविद्यालय के 35 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में साहसिक खेलों के प्रति रुचि विकसित करना, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देना तथा प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था। ट्रेक के दौरान विद्यार्थियों ने हिमालय की मनमोहक प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लिया तथा टीम भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और कठिन परिस्थितियों में कार्य करने का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया।
शिविर का नेतृत्व शारीरिक शिक्षा विभाग की सहायक आचार्य प्रो. ज्योति बाला ने किया। शिविर के दौरान विद्यार्थियों को ट्रेकिंग सुरक्षा, प्राथमिक उपचार, पर्यावरण संरक्षण तथा पर्वतीय क्षेत्रों में जिम्मेदार व्यवहार के बारे में भी जानकारी दी गई। इस अवसर पर डॉ. कंचन का भी विशेष सहयोग रहा। विद्यार्थियों ने पर्यावरण स्वच्छता का संदेश दिया और ट्रेक पर कूड़ा इकट्ठा करते हुए वापिसी की ।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शेफाली ने शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस ट्रेकिंग शिविर की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे साहसिक कार्यक्रम विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ट्रेकिंग से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना तथा प्रकृति और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता का विकास होता है। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए शारीरिक शिक्षा विभाग, शिविर प्रभारी प्रो. ज्योति बाला, डॉ. कंचन तथा सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
Kullu, Kullu | Jul 9, 2026