नक्सल प्रभावित इलाकों का होगा समग्र विकास, औरंगाबाद डीएम-एसपी को गृह विभाग का निर्देश, शीघ्र भेजें प्रस्ताव।
औरंगाबाद जिले में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के समग्र विकास को लेकर गृह विभाग ने कड़ा निर्देश दिया है। गृह विभाग द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नक्सल प्रभावित जिलों के जिला पदाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक की गई।
बैठक में औरंगाबाद से जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा और पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
*क्या दिए गए निर्देश*
गृह विभाग ने निर्देश दिया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में उन जगहों को चिन्हित किया जाए जहां अब तक विकास कार्य अपेक्षित स्तर पर नहीं हुए हैं या आधारभूत सुविधाओं का अभाव है।
ऐसे क्षेत्रों में शिक्षा, पर्यटन, सड़क, आधारभूत संरचना, पेयजल, स्वास्थ्य, संचार एवं अन्य जनोपयोगी सुविधाओं का सर्वेक्षण कर आवश्यकताओं के अनुरूप विस्तृत विकास प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है।
गृह विभाग ने सभी जिलाधिकारियों एवं पुलिस अधीक्षकों को कहा कि इन प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र तैयार कर विभाग को भेजें, ताकि स्वीकृति के बाद उनका प्रभावी क्रियान्वयन किया जा सके।
*सरकार की प्राथमिकता समग्र विकास*
बैठक में स्पष्ट किया गया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों का समग्र और संतुलित विकास सरकार की प्राथमिकता है। शिक्षा, सड़क संपर्क, पर्यटन और आधारभूत संरचना के विस्तार से स्थानीय लोगों का जीवन स्तर सुधरेगा और क्षेत्र में शांति, सुरक्षा के साथ समावेशी विकास को मजबूती मिलेगी।
जिला प्रशासन ने बताया कि गृह विभाग के निर्देशों के अनुरूप चिन्हित क्षेत्रों के विकास संबंधी प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर निर्धारित समय सीमा में गृह विभाग को भेजे जाएंगे।
#Aurangabad #NaxalArea #Development #DM #SP #BiharGovernment #Homedepartment