रांची : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन शनिवार को बुढ़मू के कुलवे पहाड़ में आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेला कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए नगड़ी की जमीन के मुद्दे को लेकर बड़ा ऐलान किया।
चंपाई सोरेन ने कहा कि नगड़ी की जमीन के सवाल को लेकर जल्द ही आदिवासी महादरबार आयोजित किया जाएगा। एक लाख कार्यकर्ताओं के साथ आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा और आदिवासी समाज की जमीन की रक्षा के लिए निर्णायक संघर्ष किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सीएनटी एक्ट, आदिवासी परंपरा और जल-जंगल-जमीन के अधिकारों की लड़ाई को भगवान बिरसा मुंडा ने अपने संघर्ष और बलिदान से मजबूत किया था। आज आदिवासियों की जमीन, संस्कृति और अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है।
नगड़ी की जमीन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सीएनटी एक्ट के तहत आने वाली आदिवासी जमीन पर किसी भी प्रकार का जबरन कब्जा स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आदिवासी समाज ने सदियों के संघर्ष के बाद अपनी जमीन और अधिकारों को सुरक्षित रखा है, लेकिन आज उन्हीं अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आदिवासियों को उनकी जमीन से बेदखल करने और उनकी परंपराओं को खत्म करने की कोशिश किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। जल्द ही नगड़ी में एक लाख लोगों की भागीदारी के साथ आदिवासी महादरबार आयोजित कर आंदोलन को नया रूप दिया जाएगा।
इससे पूर्व कार्यक्रम स्थल पर पहुँचने पर पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन का श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मेला आयोजन समिति की ओर से पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं माला पहनाकर स्वागत किया गया।#viralvideoburmunews
Burmu, Ranchi | Sep 6, 2026