मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राजकीय डिग्री महाविद्यालय, पीरवां का किया उद्घाटन
मदनपुर प्रखंड के पीरवां में राजकीय डिग्री महाविद्यालय की स्थापना से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं को घर के समीप उच्च शिक्षा का मिलेगा अवसर
औरंगाबाद जिले के लिए आज का दिन उच्च शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण रहा। माननीय मुख्यमंत्री, बिहार श्री सम्राट चौधरी ने राज्य के नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों के उद्घाटन कार्यक्रम के अंतर्गत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राजकीय डिग्री महाविद्यालय, पीरवां (मदनपुर), औरंगाबाद का उद्घाटन किया।
मदनपुर प्रखंड स्थित उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, पीरवां परिसर में आयोजित उद्घाटन समारोह में उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह, निदेशक डीआरडीए श्री अनुपम कुमार, जनप्रतिनिधिगण, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएँ तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
माननीय मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं समावेशी उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों के संचालन से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को अपने निकट ही उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, जिससे नामांकन में वृद्धि होगी तथा युवाओं के भविष्य को नई दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा के निदेशानुसार उप विकास आयुक्त श्रीमती अनुपम सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलित एवं फीता काटकर किया गया। इसके उपरांत महाविद्यालय परिसर में स्थापित शिलापट्ट का अनावरण किया गया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्रीमती अनुपम सिंह ने कहा कि राजकीय डिग्री महाविद्यालय, पीरवां की स्थापना इस क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों एवं छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर जाने की आवश्यकता कम होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा प्रत्येक विद्यार्थी तक गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना है तथा जिला प्रशासन महाविद्यालय के सुचारु संचालन एवं आवश्यक सुविधाओं के विकास के लिए पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा।
समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों ने विश्वास व्यक्त किया कि राजकीय डिग्री महाविद्यालय, पीरवां औरंगाबाद जिले में उच्च शिक्षा के विस्तार, छात्राओं के शैक्षणिक सशक्तीकरण तथा ज्ञान-आधारित समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा।
Deo, Aurangabad | Jul 16, 2026