#भरतपुर। शहर में बैंक से पैसे निकाल कर आई युवती का पर्स चुराने वाली तीन शातिर महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सेवर निवासी नीरू शर्मा कलेक्ट्रेट के पास स्थित एसबीआई बैंक से 50,000 रुपए निकाल कर पास ही एक दुकान पर फोटोस्टेट कराने गई थीं। इसी दौरान वहां खड़ी तीन महिलाओं ने चालाकी से उनके बैग से रुपयों से भरा पर्स पार कर दिया। पर्स गायब देख जब पीड़िता को शक हुआ, तो वह तुरंत भागकर ऑटो में बैठ चुकीं आरोपी महिलाओं के पीछे पहुंची और ऑटो रुकवा लिया। इसी बीच मौके पर पहुंची डीएसटी टीम की मदद से तीनों महिलाओं को दबोच कर मथुरा गेट थाने ले जाया गया, जहां तलाशी के दौरान उनके पास से पीड़िता का पूरा पैसा सुरक्षित बरामद हो गया। थानाधिकारी हरलाल मीणा के अनुसार, पकड़ी गईं तीनों आरोपी महिलाएं मध्य प्रदेश की रहने वाली शातिर चोर हैं और मामला दर्ज कर उनसे पूछताछ की जा रही है।