किसानों को पारदर्शी तरीके से खाद वितरण सुनिश्चित करें – कलेक्टर
सीहोर कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने इछावर स्थित सहकारी बैंक एवं सहकारी समिति का निरीक्षण कर खाद वितरण व्यवस्था और किसानों को दी जा रही सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को पारदर्शी एवं नियमों के अनुसार सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने ई-विकास पोर्टल के माध्यम से खाद वितरण, ई-टोकन प्रक्रिया और खाद स्टॉक की जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि पोर्टल पर दर्ज स्टॉक और गोदाम में उपलब्ध स्टॉक में कोई अंतर नहीं होना चाहिए तथा किसानों को ई-टोकन प्रणाली की पूरी जानकारी दी जाए।
उन्होंने किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग, जैविक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान जिला सहकारी बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सौरभ जोनवाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Ashta, Sehore | Jun 5, 2026