सरकारी स्कूल में पढ़ाई के लिए 4500 रुपये में रखी गई निजी शिक्षिका! निरीक्षण में सामने आया हैरान करने वाला मामला
कैलारस (मुरैना)। कैलारस ब्लॉक के शासकीय स्कूलों में जिला शिक्षा अधिकारी बीएस इंदौलिया के औचक निरीक्षण के दौरान शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा हैरान करने वाला मामला सामने आया। निरीक्षण के दौरान शासकीय प्राथमिक विद्यालय पोखर का पुरा में स्कूल संचालन को लेकर गंभीर अनियमितता पाए जाने का दावा किया गया।
बताया गया कि स्कूल के हेडमास्टर अमरलाल रावत के संबंध में शिकायत सामने आई कि वे नियमित रूप से स्कूल में उपस्थित नहीं रहते और अपनी जगह बच्चों को पढ़ाने के लिए एक युवती को निजी तौर पर रखा गया है। आरोप है कि उक्त युवती को बच्चों को पढ़ाने के एवज में हर माह 4500 रुपये दिए जाते हैं।
निरीक्षण के दौरान यह स्थिति सामने आने पर जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले को गंभीरता से लिया। बताया जा रहा है कि संबंधित शिक्षक के खिलाफ प्रतिवेदन तैयार कर कलेक्टर मुरैना को कार्रवाई के लिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी के निरीक्षण में कैलारस ब्लॉक के अन्य स्कूलों में भी छात्र-छात्राओं की संख्या कम पाए जाने की बात सामने आई है।
बड़ा सवाल
सरकारी स्कूलों में बच्चों को पढ़ाने की जिम्मेदारी नियुक्त शिक्षकों की है। ऐसे में यदि शिक्षक स्वयं स्कूल से अनुपस्थित रहकर किसी निजी व्यक्ति से बच्चों को पढ़वा रहे हैं, तो यह शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।