🚨 ग्रामीणों ने उठाई कुदाल तो CM धामी ने लिया संज्ञान, सकण्ड गांव पहुंची विभागों की टीम
चमोली: कर्णप्रयाग विकासखंड के सकण्ड (स्कंद) गांव में सड़क सुविधा की मांग को लेकर ग्रामीणों द्वारा श्रमदान किए जाने की खबर का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तत्काल संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को ग्रामीणों की समस्या के समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर तेजी से कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
सीएम धामी ने सड़क निर्माण से जुड़ी प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने और तीन माह के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने की दिशा में तेजी से काम करने को कहा है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ गांवों तक सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद राजस्व, वन विभाग और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम सकण्ड गांव पहुंची। टीम ने मौके का निरीक्षण कर सड़क निर्माण से संबंधित आवश्यक कार्रवाई शुरू की और ग्रामीणों को प्रक्रिया में तेजी लाने का आश्वासन दिया।
ग्राम प्रधान शिवानी चौधरी ने मुख्यमंत्री के त्वरित संज्ञान पर आभार जताते हुए कहा कि उनके निर्देश के बाद संबंधित विभागों की टीम गांव पहुंची है। उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ शासन और जिला प्रशासन का भी धन्यवाद किया।
Dehradun, Dehradun | Sep 16, 2026