लखनऊ अग्निकांड के बाद घोसी में प्रशासन का सुरक्षा अभियान, मॉल-होटल व कोचिंग संस्थानों की हुई सघन जांच
घोसी,मऊ। राजधानी लखनऊ में कोचिंग सेंटर में हुए अग्निकांड के बाद घोसी प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। मंगलवार को उपजिलाधिकारी अशोक सिंह के नेतृत्व में पुलिस, अग्निशमन, विद्युत, पीडब्ल्यूडी तथा नगर पंचायत की संयुक्त टीम ने नगर के प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, मॉल, होटल, रेस्टोरेंट और कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं का व्यापक निरीक्षण किया।
संयुक्त टीम में क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह, विद्युत विभाग के एसडीओ इंद्र बहादुर मौर्य, अवर अभियंता माज़िद, प्रभारी अग्निशमन अधिकारी घोसी संजय पांडेय, नगर पंचायत, पीडब्लूडी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे। टीम ने वी मार्ट, ए-टू मार्ट, वन इंडिया फैमिली मार्ट, एच लॉन, आशीष वस्त्रालय, नावेल्टी और ज्ञानस्थली कोचिंग सेंटर समेत कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने निर्धारित 22 बिंदुओं पर सुरक्षा मानकों की पड़ताल की। इस दौरान फायर एनओसी, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता एवं वैधता, कर्मचारियों को दिए गए अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण, प्रत्येक तल पर फायर उपकरण, आपातकालीन निकास द्वार, एग्जिट साइन, प्रकाश व्यवस्था, सीढ़ियों की चौड़ाई, सुरक्षा कर्मियों की उपलब्धता, विद्युत वायरिंग और पैनल की स्थिति, फर्स्ट एड किट, एंबुलेंस पहुंच मार्ग, पार्किंग व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, भवन की संरचनात्मक मजबूती तथा आकाशीय बिजली से सुरक्षा संबंधी इंतजामों का बारीकी से परीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को निर्देशित किया कि सभी अग्निशमन उपकरण क्रियाशील स्थिति में रखें, निकास मार्गों को अवरोधमुक्त बनाए रखें और सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जन सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मानकों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।