आईटीआई प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार से जोड़ने ‘कॉल कारीगर’ ऐप का करें व्यापक प्रचार-प्रसार : कलेक्टर श्री यादव
==
कुशल युवाओं को ‘कॉल कारीगर’ ऐप पर पंजीयन कर सेवाएं उपलब्ध कराने का अवसर
==
जिला कौशल समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक कलेक्टर प्रताप नारायण यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आईटीआई में अध्ययनरत एवं प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए ‘कॉल कारीगर’ ऐप के व्यापक प्रचार-प्रसार पर चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि मध्यप्रदेश असंगठित शहरी एवं ग्रामीण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा तकनीकी एवं घरेलू सेवाओं के लिए ‘कॉल कारीगर’ ऐप संचालित किया जा रहा है। संबंधित ट्रेड में दक्ष युवा ऐप पर पंजीयन कर आवश्यक दस्तावेज अपलोड करा सकते हैं।
कलेक्टर श्री यादव ने निर्देश दिए कि ऐप की जानकारी अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाई जाए। ‘कॉल कारीगर’ ऐप के माध्यम से इलेक्ट्रीशियन, प्लंबर, सीसीटीवी, होम क्लीनिंग, आरओ एवं एसी सर्विस जैसी सेवाओं से जुड़े इच्छुक एवं दक्ष युवा अपना पंजीयन कराकर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं। पंजीयन एवं अधिक जानकारी के लिए नजदीकी शासकीय आईटीआई केंद्र से संपर्क किया जा सकता है। बैठक में जिले की शासकीय आईटीआई में फायर मॉक ड्रिल से संबंधित कार्यों में नगर पालिका दमोह को आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश भी दिए गए।
Damoh, Madhya Pradesh | Oct 5, 2026