एसपी संदीप कुमार मीना ने मगहर पुलिस चौकी के नवनिर्मित भवन का किया लोकार्पण
संतकबीरनगर, 04 जुलाई 2026। जनपद के ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगर मगहर में शनिवार को पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर श्री संदीप कुमार मीना ने अपर पुलिस अधीक्षक श्री सुशील कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद श्री प्रियम राजशेखर पाण्डेय की उपस्थिति में थाना कोतवाली खलीलाबाद अंतर्गत मगहर पुलिस चौकी के नवनिर्मित एवं जीर्णोद्धार भवन का वैदिक मंत्रोच्चार एवं फीता काटकर भव्य उद्घाटन किया।
लंबे समय से आधुनिक सुविधाओं की आवश्यकता महसूस कर रही इस पुलिस चौकी का पुलिस अधीक्षक के विशेष प्रयास एवं निर्देशन में पूर्ण कायाकल्प किया गया है। नवनिर्मित भवन में पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर कार्यस्थल, फरियादियों के लिए प्रतीक्षालय तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। साथ ही चौकी परिसर को स्वच्छ, हरा-भरा एवं आदर्श वातावरण प्रदान किया गया है, जिससे पुलिसकर्मियों के मनोबल और कार्यक्षमता में वृद्धि होगी।उद्घाटन के पश्चात उपस्थित पुलिस बल एवं संभ्रांत नागरिकों को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री संदीप कुमार मीना ने कहा कि पुलिस चौकी का यह जीर्णोद्धार केवल भवन का नवीनीकरण नहीं, बल्कि जनता और पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि मगहर एक ऐतिहासिक एवं संवेदनशील क्षेत्र है, इसलिए यहां आने वाले प्रत्येक पीड़ित की समस्याओं को संवेदनशीलता और विनम्रता के साथ सुनकर उसे त्वरित न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।
पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त रखने, रात्रि गश्त बढ़ाने तथा अपराधियों एवं शरारती तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के भी निर्देश दिए।
मगहर पुलिस चौकी के नए स्वरूप को देखकर स्थानीय व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों, संभ्रांत नागरिकों एवं ग्रामीणों में उत्साह और हर्ष का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद श्री जयप्रकाश दुबे, चौकी प्रभारी मगहर सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
@highlight UP Police Upendra Mani Tripathi Pro Cell Santkabirnagar
Khalilabad, Sant Kabir Nagar | Jul 4, 2026