पोवारी-कल्पा राष्ट्रीय राजमार्ग अब BRO के अधीन, केंद्र सरकार ने जारी की अधिसूचना
- नए NH-505A के विकास और रखरखाव की जिम्मेदारी सीमा सड़क संगठन को सौंपी, किन्नौर में सड़क ढांचे को मिलेगी मजबूती
Bushahr Today TV
रिकांगपिओ/किन्नौर। जिले के लिए महत्वपूर्ण फैसले के तहत केंद्र सरकार ने पोवारी से कल्पा तक प्रस्तावित नए राष्ट्रीय राजमार्ग NH-505A के विकास और रखरखाव की जिम्मेदारी सीमा सड़क संगठन (BRO) को सौंप दी है। इस संबंध में 31 जुलाई 2026 को अधिसूचना जारी कर दी गई हैं
राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम, 1956 की धारा-5 के तहत जारी अधिसूचना के अनुसार, NH-5 के सुरू–पोवारी–चिनी–शिपकीला (भारत-तिब्बत सीमा) तक 157 किलोमीटर लंबे हिस्से के साथ-साथ नए NH-505A (पोवारी से रिकांग पिओ होते हुए कल्पा तक) के विकास एवं अनुरक्षण का कार्य अब सीमा सड़क संगठन (BRO) द्वारा किया जाएगा।
अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि NH-505A की शुरुआत पोवारी में NH-5 से होगी, जो रिकांग पिओ को जोड़ते हुए कल्पा में समाप्त होगा। इस पूरे राजमार्ग के निर्माण, उन्नयन और रखरखाव की जिम्मेदारी BRO के पास रहेगी।
इस फैसले को किन्नौर के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। क्षेत्र के लोगों का मानना है कि BRO के अधीन आने से सड़कों के निर्माण, चौड़ीकरण, रखरखाव और आपदा के दौरान बहाली कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है, जिससे पर्यटन, बागवानी, सीमा क्षेत्र की आवाजाही और स्थानीय लोगों को दीर्घकालिक लाभ मिल सकता हैं
भाजपा नेता व पूर्व प्रदेश वन विकास निगम उपाध्यक्ष सूरत नेगी ने इस ऐतिहासिक और अहम फैसले को लेकर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया हैं