एक्साइज कोर्ट के निर्माणाधीन भवन का जिला पदाधिकारी द्वारा निरीक्षण, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्य पूर्ण करने का निर्देश।
जिला पदाधिकारी, शेखपुरा द्वारा एक्साइज कोर्ट के निर्माणाधीन भवन का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान भवन निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता एवं उपलब्ध सुविधाओं का विस्तृत अवलोकन किया गया।
जिला पदाधिकारी ने भवन प्रमंडल, शेखपुरा के कार्यपालक अभियंता एवं संबंधित पदाधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराने तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही अथवा मानकों से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इसके उपरांत जिला पदाधिकारी ने अंचलाधिकारी, शेखपुरा के साथ राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, शेखपुरा के लिए प्रस्तावित अतिरिक्त 5 एकड़ भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भूमि की उपलब्धता, उपयुक्तता एवं अन्य आवश्यक पहलुओं का अवलोकन किया गया।
जिला पदाधिकारी ने अंचलाधिकारी, शेखपुरा को भूमि से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि महाविद्यालय के विस्तार कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
जिला प्रशासन, शेखपुरा जिले में आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण एवं शैक्षणिक संस्थानों के विकास के लिए सतत रूप से प्रतिबद्ध है तथा सभी विकासात्मक योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है।
उक्त निरीक्षण में कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद शेखपुरा, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल शेखपुरा एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
Sheikhpura, Sheikhpura | Jul 2, 2026