सायरा के पुनावली में सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार
लूट की नीयत से बुजुर्ग दंपती की हत्या की साजिश, पड़ोसी निकला मुख्य सूत्रधार
उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र के पुनावली गांव में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। लूट की नीयत से बुजुर्ग दंपती लहरीलाल पालीवाल (70) और उनकी पत्नी राधाबाई (67) की हत्या करने के मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी कुशल उर्फ खुशी पालीवाल पिता मांगीलाल, उम्र 26 वर्ष, निवासी पुनावली, हाल निवासी सचिन, सूरत (गुजरात) ने अपने साथियों के साथ मिलकर करीब डेढ़ साल पहले से वारदात की योजना बनानी शुरू की थी। पुलिस के मुताबिक कुशल को बुजुर्ग दंपती के पास पैसे होने की जानकारी थी और वह कर्ज व आर्थिक तंगी से परेशान था।
गिरफ्तार आरोपियों में चन्दन यादव पिता प्रवीण यादव (27), निवासी समस्तीपुर, बिहार, हाल सूरत; दिलीप चौधरी पिता कनिकराम चौधरी (30), निवासी सूरत; किशन पालीवाल पिता देवीलाल (21), निवासी पुनावली; और जीवन पालीवाल पिता भेरूलाल (21), निवासी पुनावली शामिल हैं।
आरोपियों ने बुजुर्ग दंपती की हत्या के बाद शवों को प्लास्टिक की थैलियों में पैक कर कार्टन टेप से बांधा और लोहे के संदूक में बिस्तरों के नीचे छिपा दिया। पुलिस को गुमराह करने के लिए मोबाइल फोन को दूसरी जगह ले जाकर फेंक दिया गया और चप्पलें भी गायब कर दी गईं।
14 अगस्त को घर से दुर्गंध आने के बाद संदूक से दोनों के शव बरामद हुए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल, डॉग स्क्वॉड, साइबर टीम और विशेष टीमों ने जांच की और तकनीकी व मनोवैज्ञानिक विश्लेषण के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस टीम में शामिल प्रमुख अधिकारी
शैतान सिंह थानाधिकारी सायरा, प्रवीण सिंह राजपुरोहित थानाधिकारी गोगुंदा, भरत योगी प्रभारी डीएसटी, सुनील चारण थानाधिकारी गोवर्धन विलास, फैलीराम उप निरीक्षक साइबर सेल राजसमंद, रामावतार मीणा थानाधिकारी बेकरिया, राजेन्द्र सिंह, गजराज सिंह, भंवर सिंह, विक्रम सिंह, अखिलेश, गणपतनाथ, धर्मवीर, भरतसिंह, कुलदीप सिंह, जितेन्द्र सिंह, कमलेश, भूपेन्द्र सिंह, रामदयाल, चरणसिंह, नरेन्द्रसिंह, दिनेश सिंह, श्रवण, रूपाराम, पुष्पराज सिंह, वीरेन्द्र, नरपतराम, लोकेन्द्र सिंह, हस्तिराम, लोकेश, धर्मेन्द्र कुमार, भूपेन्द्र सिंह, ओमप्रकाश, वीरेन्द्र सिंह, सुमित, सुमेर सिंह, निम्बाराम, शिंभुराम और अचलाराम सहित पुलिसकर्मियों की टीम ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Badgaon, Udaipur | Aug 28, 2026