जमुई:, बिना सूचना बोर्ड और तकनीकी जांच के नाला की कर दी गई खुदाई, तीन मंजिला मकान पर मंडराया खतरा
शहर के महाराजगंज मोहल्ला में नाला निर्माण कार्य के दौरान जेसीबी से की जा रही खुदाई ने एक तीन मंजिला आशियाना को संकट में डाल दिया। निर्माण कार्य के दौरान हुई खुदाई से तीन मंजिला मकान में दरार आ गई है और मकान एक ओर झुक गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है। मौके पर जिला व पुलिस प्रशासन की टीम द्वारा फौरन मकान को खाली करवाया गया साथ ही सुरक्षा के दृष्टिकोण से बगल के मकान को भी खाली करवाया गया है। मकान के चारों ओर खतरा का घेरा दिया गया है। घटना गुरुवार के शाम की है। मौके पर देर रात 10:00 के बाद तक सीओ, जेई समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे और मकान को ध्वस्त होने से रोकने के लिए तरकीब सोचते रहे।
बताया जाता है कि बुडको के तहत नाला का निर्माण कराया जा रहा है। संवेदक द्वारा जेसीबी से नाला निर्माण के लिए खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान मकान की नींव कमजोर हो गई और भवन का एक हिस्सा झुक गया। मकान के क्षतिग्रस्त होते ही घर में मौजूद लोग जान बचाकर बाहर निकल आए। कुछ देर के लिए पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। क्षतिग्रस्त मकान कपिल देव रावत एवं मुन्ना रावत का बताया जा रहा है। घटना के बाद दोनों परिवारों के सामने रहने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। भय के कारण परिवार के लोग मकान में प्रवेश करने से भी डर रहे हैं। घटना की खबर फैलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की काफी भीड़ जुट गई। लोगों का आरोप है कि नाला निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाला निर्माण कार्य नगर परिषद द्वारा विभागीय स्तर पर कराया जा रहा है, लेकिन निर्माण स्थल पर योजना संबंधी कोई सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया है। न तो कार्यदायी एजेंसी और न ही संवेदक का नाम प्रदर्शित किया गया है। लोगों का कहना है कि मकान के समीप खोदाई शुरू करने से पहले इंजीनियरों से तकनीकी आकलन कराया जाना चाहिए था तथा भवन स्वामी को पूर्व सूचना देकर सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाने चाहिए थे। वर्षा के कारण मिट्टी पहले से कमजोर होने के बावजूद बिना पर्याप्त तैयारी के खोदाई शुरू कर दी गई। जानकारी के अनुसार मकान की नीचे का दिवाल कच्ची है ऊपर से पीलर देकर तीन मंजिला मकान बनाया गया है।
नाला निर्माण कार्य के कारण जैसे ही मकान मे दरार की सूचना मिली तो आनन-फानन मे मकान के समीप खोदे गए नाले की भराई कर दी गई। इसके अलावा सडक को दोनो ओर से बांस बल्ले लगाकर बैरिकेडिंग कर दिया गया। #jamui
Jamui, Jamui | Aug 7, 2026