गोंडा में खरगूपुर की ग्राम पंचायत विशुनापुर बेलभरिया के मजरा विशुनापुर कस्बे में उच्च न्यायालय के कड़े आदेश के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी रास्ते पर अवैध रूप से बने पांच पक्के मकानों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया है। यह कार्रवाई बुधवार को जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के निर्देश पर भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।
कस्बे के रूप में विकसित हो रहे विशुनापुर में गाटा संख्या 731 सरकारी रास्ते की जमीन है। इस रास्ते पर गांव के ही जुबेर, मोहम्मद मोईन, हसनैन, असजद और मोहसिन ने वर्षों पूर्व पक्का मकान बनाकर अवैध कब्जा कर लिया था, जिससे सड़क काफी संकरी हो गई थी और लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को लेकर सुशीला देवी (पत्नी स्व. माता प्रसाद), प्रधान प्रतिनिधि अफसर अली, सलाहुद्दीन, चंद्र मोहन मिश्र और उदयभान सहित दर्जनों ग्रामीणों ने जिलाधिकारी व अन्य विभागीय अधिकारियों से कई बार शिकायत की थी। क्षेत्रीय लेखपाल द्वारा अतिक्रमणकारियों को नोटिस भी दिया गया था, लेकिन स्थिति जस की तस बनी रही।
मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने सहायक अभियंता (प्रांतीय खंड लोनिवि), एसडीएम सदर, तहसीलदार सदर और क्षेत्रीय लेखपाल की एक संयुक्त टीम का गठन कर अतिक्रमण चिह्नित करने का निर्देश दिया था। टीम ने मौके पर पहुंचकर ध्वस्तीकरण के लिए लाल निशान भी लगाए थे। इसके बावजूद अतिक्रमण न हटने पर सुशीला देवी ने उच्च न्यायालय में वाद दायर किया। मामले की सुनवाई के बाद उच्च न्यायालय ने जिलाधिकारी को तत्काल प्रभाव से अतिक्रमण हटाने का आदेश दिया।
उच्च न्यायालय के आदेश का अनुपालन करते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार गौतम, तहसीलदार मनीष वर्मा और प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने जेसीबी मशीन की मदद से सभी पांचों अवैध पक्के मकानों को ढहा दिया और रास्ते को पूरी तरह से साफ करने के लिए वहां से निकला मलबा भी 500 मीटर दूर बाहर फिंकवा दिया।
#Khargupur #EncroachmentDemolition #HighCourtOrder #UPAdministration #GondaNews
Gonda, Gonda | Aug 5, 2026