सोरों लहरा गंगा घाट पर मंडलायुक्त का औचक निरीक्षण, कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
कांवड़ियों से संवाद कर सुविधाओं की जानकारी ली, अधिकारियों व गोताखोरों को मुस्तैदी से ड्यूटी निभाने के दिए निर्देश
कासगंज। जनपद के पौराणिक तीर्थस्थल सोरों शूकर क्षेत्र स्थित लहरा गंगा घाट का मंडलायुक्त संगीता सिंह ने औचक निरीक्षण कर कांवड़ यात्रा की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यात्रा के दौरान पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने गंगा जल भरने पहुंचे कांवड़ियों से बातचीत कर उनकी यात्रा, पेयजल, स्वास्थ्य तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली और सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने घाट पर तैनात गोताखोरों से भी संवाद कर उन्हें पूरी मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिलाधिकारी प्रणय सिंह, पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह, अधिशासी अधिकारी हर्षिता देवड़ा, सीओ आँचल चौहान सहित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
Kasganj, Kasganj | Aug 7, 2026