#बालाघाट
विद्युत करंट की चपेट में आने से तेंदुए की मौत, सात आरोपी पकड़े गए
वन विभाग ने पोस्टमार्टम के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत कराया शव का दाह संस्कार, वन अपराध प्रकरण दर्ज कर जांच जारी
लामता परियोजना मंडल के क्षेत्राधिकार अंतर्गत दक्षिण बारिया बीट के कक्ष क्रमांक 1166 की सीमा से लगभग 450 मीटर दूर राजस्व क्षेत्र में 13 नवंबर को एक नर तेंदुआ मृत अवस्था में पाया गया। प्रारंभिक जांच में तेंदुए की मृत्यु विद्युत करंट लगने से होना सामने आया है। वन विभाग ने इस मामले में वन अपराध प्रकरण दर्ज कर अब तक सात आरोपियों को पकड़ लिया है। प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग द्वारा राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए), नई दिल्ली एवं मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक मध्यप्रदेश, भोपाल से जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप तत्काल कार्रवाई करते हुए घटनास्थल को सुरक्षित किया गया।
14 नवंबर को विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की टीम ने मृत तेंदुए का परीक्षण एवं पोस्टमार्टम किया। इस दौरान डॉ. सुनील गोयल, पशु चिकित्साधिकारी बैहर, डॉ. सुरेन्द्र मर्सकोले एवं डॉ. नेहा अहाके, पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ परसवाड़ा उपस्थित रहे। पोस्टमार्टम के बाद मृत वन्यप्राणी के आवश्यक अंगों एवं अवयवों को फॉरेंसिक जांच के लिए सीलबंद किया गया।
इसके पश्चात निर्धारित मानक परिचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार नर तेंदुए के शव का दाह संस्कार किया गया। इस दौरान श्री अनिल शुक्ला, क्षेत्रीय महाप्रबंधक जबलपुर, श्री गौरव चौधरी, मुख्य वन संरक्षक वनवृत्त बालाघाट, श्री सुंदर निवेदन एम., संभागीय प्रबंधक लामटा परियोजना मंडल बालाघाट, श्री तिलकचंद घोरमारे, नायब तहसीलदार परसवाड़ा, श्री डिकेश चौधरी, प्रतिनिधि एनटीसीए क्षेत्रीय कार्यालय नागपुर, श्री कुंवरसिंह मेरावी, सरपंच नाटा तथा श्री देवेश खराड़ी, उप संभागीय प्रबंधक सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
वन विभाग द्वारा संपूर्ण कार्रवाई की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी भी कराई गई। इस मामले में वन अपराध प्रकरण क्रमांक 422/02 दिनांक 13 नवंबर 2026 दर्ज किया गया है। प्रकरण में सात आरोपियों को पकड़ा गया है तथा विद्युत करंट से वन्यप्राणी की मृत्यु के मामले में विस्तृत जांच एवं विवेचना जारी है।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#minmpforest
Balaghat, Madhya Pradesh | Nov 14, 2026