कन्हैयाढाना में पेयजल व्यवस्था सुचारु
===================================
जिले की उमरेठ तहसील की ग्राम पंचायत खजरीअंतु के कन्हैयाढाना में पेयजल संबंधी समस्या पता चलने के बाद लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने त्वरित संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई की। कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी खंड परासिया ने बताया कि विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर पेयजल स्रोतों का निरीक्षण किया तथा पानी के नमूने परीक्षण के लिए एकत्रित किए। साथ ही प्रभावित बताए गए बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी भी प्राप्त की गई।
विभागीय उपयंत्री एवं हैंडपंप टेक्निशियन द्वारा 10 नवंबर 2026 को ग्राम में स्थापित दो हैंडपंपों सहित अन्य पेयजल स्रोतों का निरीक्षण कर पानी के नमूने लिए गए। इस दौरान 17 बच्चों का स्वास्थ्य विभाग द्वारा परीक्षण किया गया, जांच में 12 बच्चे पूर्णतः स्वस्थ पाए गए, जबकि शेष 5 बच्चों में सामान्य सर्दी-जुकाम के लक्षण मिले थे। कुछ बच्चों में त्वचा संबंधी समस्याएं भी पाई गईं। स्वास्थ्य विभाग से समन्वय कर प्राप्त जानकारी के अनुसार बच्चों में पाए गए लक्षण जलजनित बीमारी से संबंधित नहीं पाए गए।
निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि ग्राम में नल-जल योजना के स्रोत के अतिरिक्त 02 शासकीय हैंडपंप एवं लगभग 10 निजी पेयजल स्रोत उपलब्ध हैं, जिनसे ग्रामीणों को पानी मिल रहा है।
नल-जल योजना पुनः शुरू, पेयजल आपूर्ति बहाल - कार्यपालन यंत्री ने बताया कि ग्रामीणों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग ने विद्युत विभाग के साथ समन्वय कर नल-जल योजना के अंतर्गत खनित नलकूप में स्थापित मोटर पंप को पुनः चालू करा दिया है। इसके बाद योजना के माध्यम से गांव में पेयजल आपूर्ति प्रारंभ कर दी गई है। इसके साथ ही ग्राम के सभी पेयजल स्रोतों का क्लोरीनेशन भी पूर्ण करा दिया गया है, ताकि पेयजल की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित की जा सके।
विभाग द्वारा इस संबंध में शिकायत आने के बाद तत्काल मौके पर पहुंचकर निरीक्षण, पेयजल नमूना संग्रहण, स्वास्थ्य विभाग से समन्वय, नल-जल योजना की बहाली एवं सभी जल स्रोतों के क्लोरीनेशन जैसी आवश्यक कार्रवाई की गई।
जांच में दूषित पेयजल से बीमारी की पुष्टि नहीं - लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की टीम द्वारा निरीक्षण एवं स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार बच्चों के बीमार होने की घटना का दूषित पेयजल अथवा जलजनित बीमारी से संबंध सामने नहीं आया है। वर्तमान में ग्राम की नल-जल योजना के माध्यम से पेयजल आपूर्ति पुनः प्रारंभ हो चुकी है तथा सभी पेयजल स्रोतों का क्लोरीनेशन कराया जा चुका है। विभाग द्वारा ग्रामीणों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
Chhindwara, Madhya Pradesh | Nov 10, 2026