छतरी मोड़ के पास दर्दनाक हादसा: 300 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, दो युवकों की मौत
सुरेंद्र ठाकुर / Pangi Live News
चम्बा, 17 जून।
चम्बा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर छतरी मोड़ के समीप मंगलवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि कार अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त कार मुख्य मार्ग से फिसलकर नीचे चौहड़ा मार्ग तक जा पहुंची। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। रात का समय और दुर्गम क्षेत्र होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बुधवार सुबह पुलिस, होमगार्ड और स्थानीय लोगों की मदद से संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को गहरी खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मौके पर डीएसपी डलहौजी मयंक शर्मा तथा चम्बा सदर थाना के एसएचओ मौजूद रहे और पूरे अभियान की निगरानी करते रहे। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
डीएसपी मयंक शर्मा ने बताया कि देर रात कार दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वाहन में दो लोग सवार थे और दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस द्वारा आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
Chamba, Chamba | Jun 17, 2026