चित्रकूट से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। पहाड़ी थाना क्षेत्र के ओरा गांव स्थित बागे नदी के डीघरी घाट पर कथित अवैध बालू खनन को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि नदी की बीच धारा में पोकलैंड मशीनें लगाकर बालू का खनन किया जा रहा है। इतना ही नहीं, बालू से लदे ओवरलोड वाहन गांव के अंदरूनी रास्तों से गुजर रहे हैं, जिससे गांव की सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं और ग्रामीणों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस पूरे मामले को लेकर ग्राम प्रधान ओरा एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष पहाड़ी फूलचंद्र राजपूत सहित दर्जनों ग्रामीणों ने जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
भाजपा मंडल अध्यक्ष फूलचंद्र राजपूत का कहना है कि जिलाधिकारी पुलकित गर्ग, खनिज अधिकारी और भाजपा जिलाध्यक्ष को सैकड़ों ग्रामीणों के साथ लिखित रूप से शिकायत देकर पूरे मामले से अवगत कराया जाएगा।
ग्रामीणों ने मांग की है कि डीघरी घाट पर हो रहे कथित अवैध खनन की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या जिला प्रशासन और खनन विभाग ग्रामीणों की शिकायत पर संज्ञान लेकर जांच कराएगा? क्या नदी की बीच धारा में मशीनों से खनन और गांव की सड़कों को नुकसान पहुंचाने के आरोपों पर कार्रवाई होगी?
फिलहाल ग्रामीणों की निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हुई हैं।