सिवालिक कॉलोनी में धूमधाम से मनाई कृष्ण जन्माष्टमी
श्रीनगर गढ़वाल। सिवालिक कॉलोनी, पराग डेयरी क्षेत्र के नागरिकों की ओर से कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत एवं मेयर आरती भंडारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के प्रतिनिधि एवं कांग्रेस नेता सुधांशु नौडियाल विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।
कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, धर्म और कर्म का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी परंपराओं और संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ समाज में आपसी भाईचारे को भी मजबूत करते हैं।
मेयर आरती भंडारी ने भी क्षेत्रवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें प्रेम, सद्भाव, कर्तव्य और मानवता का संदेश देता है। उन्होंने आयोजन समिति और स्थानीय नागरिकों की ओर से किए गए आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम सामाजिक एकजुटता को बढ़ावा देते हैं।
इस अवसर पर सुधांशु नौडियाल ने भी भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की सभी क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं और आयोजन समिति की ओर से किए गए आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, सौहार्द और एकजुटता को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
सुधांशु नौडियाल ने कार्यक्रम में आमंत्रित करने के लिए आयोजन समिति के सदस्य निशांत कंडारी, शिवकांत कंडारी सहित अन्य सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की गई। इस दौरान विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं।