सुशील शर्मा ने पवन राणा से मांगी माफी, कहा- भ्रम और बहकावे में आकर दिए थे बयान
देहरा/ ज्वालामुखी: वर्ष 2021 में दिए गए एक बयान को लेकर चले मानहानि मामले में अब नया मोड़ आया है। सुशील शर्मा ने सोशल मीडिया के माध्यम से बयान जारी कर तत्कालीन हिमाचल प्रदेश भाजपा संगठन मंत्री पवन राणा से सार्वजनिक रूप से क्षमा मांगी है।
सुशील शर्मा ने अपने बयान में कहा—
"आज मैं सोशल मीडिया के माध्यम से एक बयान देने जा रहा हूं। वर्ष 2021 में हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सरकार थी और उस समय मैंने संगठन मंत्री पवन राणा के ऊपर जो अनर्गल और निराधार आरोप लगाए थे, उनके लिए मैं क्षमा याचना करता हूं।
ये आरोप मैंने भ्रमवश, किसी के बहकावे और जोश में आकर लगाए थे। भविष्य में भी मैं किसी मंच से ऐसे शब्दों का प्रयोग नहीं करूंगा, जिससे पवन राणा जी के सम्मान को ठेस पहुंचे।
मैं अपने संगठन के उन पदाधिकारियों से भी क्षमा प्रार्थी हूं, जो उस समय मेरे बयानों से आहत हुए थे। पवन राणा जी ने अपना पूरा जीवन समाज और देश सेवा को समर्पित किया है। भगवान उन्हें लंबी आयु और सफलता दे, यही मेरी प्रार्थना है।
मैं न्यायालय में भी लिखित क्षमा याचना दे रहा हूं और पवन राणा जी से अनुरोध करता हूं कि वे अपना बड़ा दिल रखते हुए मुझे क्षमा करेंगे।"
गौरतलब है कि सुशील शर्मा के एक बयान से आहत होकर पवन राणा ने मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया था। अब सुशील शर्मा ने कहा है कि समय के साथ उन्हें अपनी गलती का एहसास हुआ और उन्होंने पवन राणा से बातचीत कर माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि दोनों एक ही विचार परिवार से जुड़े हैं और आगे संबंध पहले की तरह सौहार्दपूर्ण रहेंगे।
पवन राणा इस वक्त दिल्ली प्रदेश के बीजेपी संगठन मंत्री हैं। मूल रूप से वह हिमाचल प्रदेश के ज्वालामुखी क्षेत्र से संबंध रखते हैं।
Kangra, Kangra | Jun 30, 2026