बारिश में भी ड्यूटी रहेगी निर्बाध, कोडरमा पुलिस को मिले रेनकोट
कोडरमा। लगातार हो रही बारिश और मानसून के दौरान पुलिसकर्मियों की सुरक्षा एवं निर्बाध ड्यूटी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कोडरमा पुलिस ने शनिवार को विभिन्न पुलिस इकाइयों के जवानों के बीच बरसाती (रेनकोट) का वितरण किया। यह पहल पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई।इस दौरान तिलैया पैंथर, कोडरमा पैंथर, डोमचांच पैंथर, यातायात कोडरमा, यातायात तिलैया, क्यूआरटी, पीसीआर, तिलैया थाना, कोडरमा थाना, चंदवारा थाना, डोमचांच थाना, नवलशाही थाना, मरकच्चो थाना, जयनगर थाना, ढाब थाना, सतगांवा थाना तथा तिलैया डैम ओपी के सभी पुलिसकर्मियों को बरसाती उपलब्ध कराई गई। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिसकर्मी हर मौसम और हर परिस्थिति में आमजन की सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिन-रात ड्यूटी पर तैनात रहते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखना पुलिस विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि रेनकोट वितरण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि लगातार वर्षा के दौरान भी पुलिसकर्मी सुरक्षित रहकर बिना किसी असुविधा के प्रभावी ढंग से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।पुलिस विभाग की इस पहल को जवानों के मनोबल और कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। साथ ही विभाग ने अपना संदेश दोहराया—"सेवा ही लक्ष्य"।