मल्लेकां के पास मजदूरों से भरी ट्राली और ट्रक की भिड़ंत, 5 की मौत, कई घायल
सिरसा।
सिरसा जिले में वीरवार सुबह मल्लेकां गांव के पास मजदूरों से भरी ट्राली और ट्रक के बीच भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में ट्राली में सवार करीब पांच लोगों की मौत होने की प्राथमिक सूचना है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को महेंद्रा कैंपर के माध्यम से सिविल अस्पताल सिरसा पहुंचाया गया है। जानकारी के अनुसार हादसा वीरवार सुबह लगभग 9 बजे मल्लेकां गांव के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्राली में सवार कई मजदूर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने घायलों को वाहनों के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने में मदद की। हादसे की सूचना मिलते ही मल्लेकां चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही सड़क पर लगे जाम को खुलवाने का प्रयास शुरू किया। हादसे के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। पुलिस के अनुसार, मृतकों और घायलों की संख्या की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घायलों की पहचान की जा रही है तथा हादसे के संबंध में विस्तृत जानकारी सिरसा टुडे द्वारा जुटाई जा रही है।
गांव ओटू से चली थी ट्रैक्टर-ट्राली, मल्लेकां में हुई टक्कर
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्राली मालिक सुरेंद्र वीरवार सुबह करीब छह बजे गांव ओटू से 20 से 25 महिला-पुरुष मजदूरों को लेकर गांव गुड़िया खेड़ा में नरमा चुगाई के लिए निकले थे। मल्लेकां गांव में सरपंच के पेट्रोल पंप के पास उनकी ट्रैक्टर-ट्राली की सिरसा की ओर से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई।
ट्रक ने अचानक मारा कट, बाइक सवार भी चपेट में आए
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक की रफ्तार तेज थी और उसमें सामान भरा हुआ था। मल्लेकां के पास ट्रैक्टर-ट्राली के नजदीक पहुंचने पर ट्रक चालक ने अचानक कट मार दिया। इस दौरान तीन बाइक सवार युवक भी ट्रक की चपेट में आ गए। बाइक सवारों को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराई। हादसे के बाद सड़क पर जाम लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जाम खुलवाने में जुट गई। मृतकों और घायलों की पहचान की जा रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार ट्रक चालक द्वारा अचानक कट मारना हादसे की वजह बताया जा रहा है।
Sirsa, Sirsa | Sep 24, 2026