वार्ड 38 तुलसी ढोटी में 12.36 लाख की लागत से नाली निर्माण कार्य का भूमि पूजन
सिंगरौली, 13 जुलाई। नगर पालिक निगम सिंगरौली के वार्ड क्रमांक 38 तुलसी ढोटी में सोमवार को 12.36 लाख रुपये की लागत से बनने वाली नाली निर्माण परियोजना का भूमि पूजन किया गया। यह निर्माण कार्य पप्पू शाह के घर से बाबूराम साकेत के घर तक कराया जाएगा।
स्थानीय लोगों के अनुसार लंबे समय से क्षेत्र में जलभराव और गंदगी की समस्या बनी हुई थी। नाली निर्माण होने से बरसात के दौरान जल निकासी की व्यवस्था बेहतर होगी और क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी।
भूमि पूजन कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 38 के पार्षद एवं नगर पालिक निगम सिंगरौली की अपीलीय समिति के सदस्य अनिल कुमार वैश्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विधि-विधान से भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत कराई।
इस अवसर पर बिट्टू सिंह, राजाराम सोनी, संजय नाई, रामरतन साह, मोतीलाल शाह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
पार्षद अनिल कुमार वैश्य ने कहा कि वार्ड के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नाली निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को स्थायी राहत मिल सके। कार्यक्रम के अंत में स्थानीय नागरिकों ने विकास कार्य शुरू होने पर पार्षद एवं नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।