बहेड़ी से झूलाघाट तक नशे के नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा, छह तस्कर गिरफ्तार
150 नशीले इंजेक्शन बरामद होने के बाद WhatsApp चैट और कॉल डिटेल से खुला पहाड़ तक फैले सप्लाई नेटवर्क का राज
ऊधमसिंहनगर। नशामुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत ऊधमसिंहनगर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, बहेड़ी से नशीले पदार्थ लेकर अल्मोड़ा, नैनीताल और पिथौरागढ़ तक सप्लाई करने वाले नेटवर्क का खुलासा हुआ है। कार्रवाई से पहाड़ी जिलों तक फैले नशे के सप्लाई नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
पुलिस के अनुसार, पुलभट्टा पुलिस ने बहेड़ी बॉर्डर पर कार्रवाई करते हुए कुख्यात तस्कर सद्दाम हुसैन को 150 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ और उसके मोबाइल फोन की WhatsApp चैट व कॉल डिटेल की जांच में नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी सामने आई।
जांच के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए अल्मोड़ा, नैनीताल और पिथौरागढ़ तक नेटवर्क से जुड़े आरोपियों की धरपकड़ की। पुलिस के मुताबिक, बहेड़ी से अपेक्षाकृत कम कीमत पर स्मैक और नशीले इंजेक्शन खरीदकर इन्हें पहाड़ी जिलों में पहुंचाया जा रहा था।
इस मामले में पुलिस ने अक्षय, सौरभ, पीयूष, भूपेन्द्र सिंह मेहता, यशोदा टम्टा और रवि थापा को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों में कई पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जेल जा चुके हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि कुछ आरोपी खुद नशे के आदी होने के बाद इसकी तस्करी में शामिल हो गए और धीरे-धीरे दूसरे युवाओं तक नशीले पदार्थ पहुंचाने लगे। पुलिस का दावा है कि कार्रवाई से बहेड़ी से लेकर पहाड़ी जिलों तक सक्रिय नशे की सप्लाई चेन को बड़ा झटका लगा है।
एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने नशे की बिक्री और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी या सप्लाई से जुड़ी कोई भी जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
Champawat, Champawat | Oct 5, 2026