3 घंटे के ट्रैफिक ब्लॉक में ट्रैक रिन्यूअल, पश्चिम रेलवे में रतलाम मंडल ने बनाया रिकॉर्ड
रतलाम, 31 अगस्त। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए रेलवे ट्रैक रखरखाव के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मंडल ने पश्चिम रेलवे में पहली बार मोबाइल फ्लैश बट वेल्डिंग मशीन की मदद से महज 3 घंटे के निर्धारित ट्रैफिक ब्लॉक में ट्रैक रिन्यूअल का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया। यह कार्य मुंबई-दिल्ली जैसे अतिव्यस्त रेलमार्ग के गोधरा-दाहोद रेलखंड के कांसुधी-चंचेलाव सेक्शन की डाउन मेन लाइन पर किया गया।
निर्धारित समय में पुराने और खराब रेल हिस्सों को हटाकर 4 नए रेल पैनल लगाए गए। साथ ही 8 फ्लैश बट वेल्डिंग, 4 एसईजे वेल्ड और 2 ग्लूट जॉइंट लगाए गए। कार्य के दौरान 22 पुराने एवं खराब वेल्ड हटाए गए, जिनमें 8 दोषपूर्ण वेल्ड शामिल थे। वहीं 2 वेल्ड का परीक्षण भी किया गया, जो संतोषजनक पाए गए।
इस कार्य के लिए 32 कर्मचारियों की मोबाइल फ्लैश बट वेल्डिंग टीम और 45 कर्मचारियों की ट्रैक रिन्यूअल टीम तैनात रही। टीआरडी, संकेत एवं दूरसंचार तथा परिचालन विभाग के बेहतर समन्वय से कार्य निर्धारित समय में पूरा किया गया। रेलवे के अनुसार, मोबाइल फ्लैश बट वेल्डिंग तकनीक से मजबूत और विश्वसनीय रेल जोड़ तैयार होते हैं, जिससे व्यस्त रेलमार्गों पर कम समय में गुणवत्तापूर्ण ट्रैक रखरखाव संभव होगा।