मुरैना: रेलवे स्टेशन के पीछे कुएं में मिला युवक का शव, परिजनों ने कहा प्रशासन की रही लापरवाही
मुरैना। शहर के रेलवे स्टेशन के पीछे स्थित खाकी बाबा की बगिया में बने एक कुएं में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शिवकुमार उपाध्याय उर्फ सेंकी (पुत्र जगदीश उपाध्याय), निवासी रामनगर तोमर गली के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि शिवकुमार अपने गुरु से मिलने के लिए खाकी बाबा की बगिया आया था। इसी दौरान वह अचानक कुएं में गिर गया। घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन रोड थाना पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां परिजनों ने हंगामा करते हुए युवक की मौत में प्रशासन की लापरवाही बताई
फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।