नशे के खिलाफ देशव्यापी जनजागरण को नई गति देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2 अगस्त 2026 को नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का राष्ट्रीय शुभारंभ किया। अभियान के तहत देशभर में एक साथ आयोजित कार्यक्रमों में एक करोड़ से अधिक युवाओं ने नशे से दूर रहने और नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की शपथ ली। यह अभियान आगामी 100 सप्ताह यानी लगभग दो वर्षों तक जन-आंदोलन के रूप में संचालित किया जाएगा। राष्ट्रीय शुभारंभ के अवसर पर देश के 10 हजार से अधिक स्थानों पर एक साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। विभिन्न राज्यों के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, जनप्रतिनिधि, युवा, सामाजिक एवं आध्यात्मिक संगठन तथा ‘माय भारत’ के स्वयंसेवक भी इस राष्ट्रव्यापी अभियान से जुड़े। इसी कड़ी में मनेन्द्रगढ़ स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी विद्यालय में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा यादव एवं कलेक्टर सुश्री संतन देवी जांगड़े ने मां शारदा के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों एवं युवाओं ने देखा और सुना। कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी, अनीता एवं माधुरी, डिप्टी कलेक्टर इंदिरा मिश्रा, एसडीएम लिंगराज सिदार, एसडीओ एलक्सियूस टोप्पो, प्राचार्य रामाश्रम शर्मा, संजीव कुमार, श्रीमती अर्चना वैष्णव, जिला खेल अधिकारी विनोद जायसवाल, विनोद पाण्डेय, टी. विजय गोपाल राव, जी.पी. बुनकर एवं परमेश्वर सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक एवं युवा उपस्थित रहे।
#chhattisgarh #mcbdistrict