पुलिस पर कांच की बोतल से हमला करने वाला हिस्ट्रीशीटर चम्पू समेत दो गिरफ्तार,भेजा जेल
शाहजहांपुर। कच्चा कटरा तिराहे पर यातायात व्यवस्था संभाल रही कोतवाली पुलिस टीम पर कांच की बोतल से हमला करने का प्रयास करने वाले हिस्ट्रीशीटर चम्पू समेत दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त की शाम मोती चौक की ओर से बाइक सवार दो युवक तेज गति से आ रहे थे। यातायात रुका होने के बावजूद दोनों आगे निकलने का प्रयास कर रहे थे। बाइक पर पीछे बैठे युवक के हाथ में शराब की बोतल थी। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो उसने बोतल से हमला करने की कोशिश की और बोतल अपने सिर पर मारकर तोड़ दी। उसने खुद को हिस्ट्रीशीटर चम्पू बताते हुए पुलिस को धमकी भी दी।पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान स्पर्श शर्मा उर्फ चम्पू और अनमोल के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, हिस्ट्रीशीटर चम्पू के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 24 मुकदमे दर्ज हैं। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया।
Shahjahanpur, Shahjahanpur | Aug 28, 2026