सांसद नवीन जिंदल के कार्यों की पारदर्शिता एवं जवाबदेही का सशक्त दस्तावेज है बुकलेट: रमेश सैनी
सेवा, विकास और जनविश्वास के दो वर्ष : सांसद नवीन जिंदल के कार्यों की बुकलेट का विमोचन
कुरुक्षेत्र, 6 अगस्त। कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में पिछले दो वर्षों के दौरान हुए अभूतपूर्व विकास कार्यों, जनकल्याणकारी पहलों और सांसद नवीन जिंदल द्वारा किए गए लोकहित के कार्यों को समर्पित विशेष बुकलेट का वीरवार को जिंदल हाउस, कुरुक्षेत्र में भाजपा कुरुक्षेत्र जिलाध्यक्ष ने विमोचन किया। इस अवसर पर भाजपा के कुरुक्षेत्र जिलाध्यक्ष रमेश सैनी ने सांसद नवीन जिंदल के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने विकास को गति देने के साथ-साथ जनसेवा की ऐसी कार्यसंस्कृति स्थापित की है, जिसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी और कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कुरुक्षेत्र भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश सैनी ने कहा कि सांसद नवीन जिंदल ने पिछले दो वर्षों में विकास और जनसेवा को नई दिशा दी है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, किसानों के हित, युवाओं के रोजगार, कौशल विकास और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि सांसद नवीन जिंदल जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने वाले जनप्रतिनिधि हैं और यह बुकलेट उनके कार्यों की पारदर्शिता एवं जवाबदेही का सशक्त दस्तावेज है।
सांसद कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने कहा कि सांसद नवीन जिंदल निरंतर जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। उनकी विकास यात्रा केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, युवा सशक्तिकरण, किसान कल्याण, खेल, सामाजिक सेवा और राष्ट्रभावना को मजबूत करने वाले अभियानों तक विस्तृत है। यही कारण है कि आज कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र विकास, विश्वास और जनसहभागिता की नई पहचान बनकर उभरा है।
इस अवसर पर अजैब सिंह, अभिषेक सहगल, बलिंद्र सिंह, भूषण मंगला, कुणाल धवन, विनोद गर्ग, डॉ. राज कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।