ककरवाया में शासकीय जमीन पर संचालित 'भैया होटल' जमींदोज, अवैध शराब-गैस सिलेंडर और जेसीबी जब्त
शिवपुरी- कलेक्टर अर्पित वर्मा=के निर्देश पर जिला प्रशासन ने बुधवार को ग्राम ककरवाया में बड़ी कार्रवाई की। एसडीएम आनंद सिंह राजावत के नेतृत्व में राजस्व, आबकारी, खनिज, पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने शासकीय भूमि सर्वे क्रमांक 872/1 पर संचालित भैया होटल' पर छापा मारा।
जांच में होटल द्वारा सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर ढाबा चलाना पाया गया। राजस्व टीम ने अतिक्रमण ध्वस्त कर संचालक दारासिंह परिहार पर 25 हजार का अर्थदंड लगाया। आबकारी टीम को होटल परिसर से भारी मात्रा में अवैध शराब मिली, जिसे जब्त कर लिया गया। वहीं खनिज और पुलिस टीम ने अवैध उत्खनन में प्रयुक्त 1 जेसीबी, 1 डंपर और 1 ट्रॉली भी जब्त कर थाने में रखवा दी।
खाद्य विभाग ने निरीक्षण में पाया कि होटल में व्यावसायिक काम के लिए 6 घरेलू एलपीजी सिलेंडर का इस्तेमाल हो रहा था। टीम ने सिलेंडर, भट्टियां जब्त कर होटल का किचन और डाइनिंग रूम सील कर दिया। गंभीर अनियमितताओं के चलते पूरे होटल परिसर को सील कर दिया गया है।
प्रशासन ने सभी होटल संचालकों को चेतावनी दी है कि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण और घरेलू गैस का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।