➡️ संत रविदास के समरसता संदेश से गूंजा जे.एच. कॉलेज
➡️ "समरसता संकल्प अभियान” के तहत भाषण, निबंध, गीत गायन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
मध्यप्रदेश शासन द्वारा संत रविदास जी की 650वीं जयंती के ऐतिहासिक अवसर पर चलाए जा रहे “समरसता संकल्प अभियान” के अंतर्गत जे.एच. कॉलेज में भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक, धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों तथा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मीनाक्षी चौबे के संरक्षण में विवेकानंद सभागृह में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन, माल्यार्पण एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। सर्वप्रथम संत रविदास जी के विभिन्न जीवन प्रसंगों पर आधारित वृत्तचित्र का प्रदर्शन किया गया ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के संयोजक प्रो. राकेश कुमार पवार ने कहा कि महान संत रैदास जी ने पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कर्म की साधना की तथा समाज के नैतिक उत्थान के लिए निरंतर ज्ञान-साधना में लीन रहे। उनके विचार, जीवन-दर्शन एवं संदेश आज भी सामाजिक समरसता और समानता पर आधारित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
इस अवसर पर “समरस समाज की ओर भारत की यात्रा—चुनौतियाँ और समाधान” विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें योगी देशमुख ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। “सामाजिक समरसता के विभिन्न भारतीय शास्त्रीय संदर्भों में नए भारत के निर्माण का संकल्प” विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में शीतल यादव प्रथम रहीं। इसी क्रम में आयोजित गीत गायन प्रतियोगिता में भावना सूर्यवंशी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि चित्रकला प्रतियोगिता में डिम्पल सोनी ने प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने संत रविदास जी के समरसता, समानता एवं मानवीय मूल्यों के संदेश को रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रदान की। कार्यक्रम का मंच संचालन प्रो. संतोष पवार ने किया तथा औपचारिक आभार प्रदर्शन प्रो. योगेश्वरी पवार द्वारा किया गया। कार्यक्रम में लगभग 150 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के डॉ. लोकेश कुमार, डॉ. राहुल सिंह ठाकुर, प्रो. हितेश जैन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के विद्यार्थियों का विशेष सहयोग रहा।
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Higher Education, Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#बैतूल
#betul
3 views | Betul, Madhya Pradesh | Sep 7, 2026