#भरतपुर। बयाना परियोजना से जुड़ी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने शुक्रवार को विधायक डॉ. ऋतु बनावत को ज्ञापन सौंपकर अपनी विभिन्न लंबित मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की। कार्यकर्ताओं ने बताया कि विभाग की अधिकांश योजनाएं ऑनलाइन होने से उनका कार्यभार काफी बढ़ गया है, लेकिन इसके अनुरूप सुविधाएं, प्रोत्साहन राशि और पारिश्रमिक नहीं मिल रहा है। उन्होंने ज्ञापन में उड़ान योजना के तहत सेनेटरी नैपकिन वितरण का अतिरिक्त ऑनलाइन कार्य साथिनों को सौंपने, सीबीई कार्यक्रम की प्रोत्साहन राशि 250 से बढ़ाकर 500 रुपए करने तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना व एचएमपीवीवाई के तहत ऑनलाइन आवेदनों का लंबित पारिश्रमिक जल्द जारी करने की मांग उठाई। इसके अलावा कार्यकर्ताओं ने पोषण ट्रैकर पर कार्य के लिए प्रोत्साहन राशि, बाल वाटिका में नियुक्ति, 500 रुपए प्रतिमाह मोबाइल रिचार्ज भत्ता, सेवानिवृत्ति पर 5 लाख रुपए की एकमुश्त सहायता और मानदेय का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की भी मांग की। उन्होंने विधायक से इन मांगों के सकारात्मक समाधान के लिए राज्य सरकार के स्तर पर प्रभावी पहल करने का आग्रह किया है।