प्रेस विज्ञप्ति
14 अक्टूबर 2026
शीर्षक: राज्य स्तरीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का रोमांचक समापन, अंडर-17 एवं अंडर-19 में मुंगेर प्रमंडल ने जीता खिताब।
जमुई: बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग, बिहार, पटना एवं जिला प्रशासन, जमुई के संयुक्त तत्वावधान में सोनपे मैदान, जमुई में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का आज रोमांचक मुकाबलों के साथ समापन हुआ। दिनांक 12 से 14 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्गों में राज्य के सभी नौ प्रमंडलों से चयनित टीमों की बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन सेमीफाइनल एवं फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
मैदान पर खिलाड़ियों के बीच जोरदार प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। जीत के लिए दोनों टीमों ने पूरी ताकत झोंक दी। खिलाड़ियों के शानदार तालमेल, रणनीति, फुर्ती और संघर्ष ने मुकाबलों को बेहद रोमांचक बना दिया। कई मौकों पर परिणाम का अनुमान लगाना मुश्किल हो रहा था। खिलाड़ियों ने खेल कौशल के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना का भी उत्कृष्ट परिचय दिया।
अंडर-14 वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में BSSA ने तिरहुत प्रमंडल को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि दूसरे मुकाबले में सारण प्रमंडल ने कोसी प्रमंडल को हराकर फाइनल में अपनी जगह बनाई। अंडर-17 वर्ग में मुंगेर प्रमंडल ने सारण प्रमंडल को पराजित किया, वहीं दूसरे सेमीफाइनल में BSSA ने पटना प्रमंडल को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। अंडर-19 वर्ग के पहले सेमीफाइनल में BSSA ने सारण प्रमंडल को शिकस्त दी, जबकि दूसरे मुकाबले में मुंगेर प्रमंडल ने पटना प्रमंडल को पराजित कर फाइनल में जगह सुनिश्चित की।
सेमीफाइनल मुकाबलों के बाद फाइनल में पहुंची टीमों के बीच खिताब के लिए कड़ा संघर्ष देखने को मिला। खिलाड़ियों का उत्साह और जीत के प्रति उनका संकल्प देखते ही बन रहा था। चूंकि यह प्रतियोगिता मुंगेर प्रमंडल के अंतर्गत आने वाले जमुई जिले में आयोजित हो रही थी, इसलिए मुंगेर प्रमंडल की खिलाड़ियों को स्थानीय दर्शकों का विशेष समर्थन मिला। खिलाड़ियों ने इस उत्साह को अपने प्रदर्शन में भी प्रदर्शित किया और अंडर-17 तथा अंडर-19, दोनों आयु वर्गों में शानदार जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
अंडर-14 वर्ग के फाइनल मुकाबले में सारण प्रमंडल विजेता रहा, जबकि BSSA को उपविजेता से संतोष करना पड़ा। अंडर-17 वर्ग में मुंगेर प्रमंडल ने विजेता का खिताब हासिल किया और BSSA उपविजेता रहा। इसी प्रकार अंडर-19 वर्ग में भी मुंगेर प्रमंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया, जबकि BSSA उपविजेता रहा।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी श्री परिमल एवं उपस्थित मुख्य अतिथि द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी श्री परिमल ने सभी खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने विजेता टीमों का उत्साहवर्धन करते हुए आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए और बेहतर तैयारी करने तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ जीत हासिल करने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के साथ खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा राज्य का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन भी आयोजन स्थल पर व्यवस्थाएं सुचारू रहीं। स्वास्थ्य विभाग, नगर निकाय एवं पुलिस विभाग के कर्मियों ने पूरी निष्ठा और तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। खिलाड़ियों एवं उपस्थित लोगों के लिए पेयजल, भोजन और अल्पाहार की समुचित व्यवस्था की गई थी। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। वहीं, स्वास्थ्यकर्मी भी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए तत्पर रहे।
तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन ने बालिका खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में उत्साह, आत्मविश्वास और खेल के प्रति समर्पण स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। इस आयोजन ने न केवल कबड्डी के प्रति बालिकाओं की रुचि को प्रोत्साहित किया, बल्कि उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर भी दिया।
राज्य स्तरीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का समापन उत्साह, खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन की यादों के साथ हुआ। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों द्वारा प्रदर्शित प्रतिभा और संघर्ष ने यह संदेश दिया कि निरंतर अभ्यास, दृढ़ संकल्प और अनुशासन के बल पर खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल की जा सकती हैं।
Jamui, Bihar | Oct 14, 2026