*प्रेस विज्ञप्ति*
समाहरणालय, मधेपुरा
जिला जनसंपर्क कार्यालय
दिनांक : 26 सितंबर 2026
*खेल प्रतिभाओं को मिला मंच, जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का हुआ भव्य शुभारंभ*
*उप विकास आयुक्त अरुण कुमार ने कहा—खेल शारीरिक ही नहीं, मानसिक विकास के लिए भी आवश्यक; खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए किया* *प्रेरित*
मधेपुरा, 26 सितंबर 2026 : खेल विभाग, बिहार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन, मधेपुरा के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ शनिवार को बी.पी. मंडल इंडोर स्टेडियम, मधेपुरा में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन उप विकास आयुक्त श्री अरुण कुमार एवं कला एवं संस्कृति पदाधिकारी-सह-उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा सुश्री आम्रपाली कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री अरुण कुमार ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक एवं व्यक्तित्व विकास का भी महत्वपूर्ण साधन है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल को पूरी निष्ठा, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ खेलने तथा अपनी प्रतिभा को निखारने का आह्वान किया।
कला एवं संस्कृति पदाधिकारी-सह-उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा सुश्री आम्रपाली कुमारी ने कहा कि खेल से शारीरिक, बौद्धिक एवं मानसिक विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों को टीम भावना के साथ खेलने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। मधेपुरा की बेटियां भी निरंतर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से निरंतर मेहनत करते हुए अपने खेल कौशल को और बेहतर बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन शारीरिक शिक्षा स्वास्थ्य अनुदेशक श्री अरुण कुमार ने किया। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ी आगामी प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में मधेपुरा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन को पूर्ण विश्वास है कि जिले के प्रतिभावान खिलाड़ी प्रमंडल, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मधेपुरा का नाम रोशन करेंगे।
प्रतियोगिता के अंतर्गत बालक एवं बालिका वर्ग के अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग में कराटे, वुशु, शतरंज, बैडमिंटन, योग एवं कुश्ती सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह में रंगकर्मी विकास कुमार के निर्देशन में टीम सृजन दर्पण के कलाकारों द्वारा स्वागत नृत्य एवं बिहार के विभिन्न लोकगीतों पर आधारित लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित खिलाड़ियों, शिक्षकों एवं दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, सिंहेश्वर श्री चंदन कुमार, कबड्डी संघ के सचिव श्री रौशन कुमार, खो-खो संघ के सचिव श्री बालकृष्ण कुमार, शतरंज संघ के सचिव श्री अनुज कुमार, खेल शिक्षक श्री मनोज कुमार, श्री दिलीप कुमार सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, खेल शिक्षक, प्रशिक्षक एवं खिलाड़ी उपस्थित थे।
27 सितंबर को विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन
जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता के तहत 27 सितंबर 2026 (रविवार) को बी.पी. मंडल इंडोर स्टेडियम, मधेपुरा में अंडर-14 बालक एवं बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
वहीं अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 वर्ग की रग्बी एवं हैंडबॉल प्रतियोगिताएं बी.एन. मंडल स्टेडियम, मधेपुरा में तथा अंडर-14 बालक वर्ग की फुटबॉल प्रतियोगिता शिवनंदन प्रसाद इंटर स्तरीय विद्यालय में आयोजित की जाएगी।
जिला प्रशासन की ओर से जिले के सभी प्रतिभावान विद्यालयी खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लेने तथा खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दी गई हैं।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
#kahaniBadlavKi
#SevaSankalpAbhiyan
CMO Bihar
Narendra Modi